बंदूक से स्वयं को गोली मारी, युवक की मौत


भिण्ड, ब्यूरो। देहात थाना अंतर्गत बरुआ नगर वार्ड क्रमांक 8 में किराए के मकान में रह रहे 19 वर्षीय युवक की गोली लगने से मृत्यु हो गई। बताया गया है कि उसने अपने पिता की लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। 
 जानकारी के अनुसार छोटे उर्फ चन्द्रप्रताप नरवरिया उम्र 19 वर्ष पुत्र राजवीर नरवरिया मूल निवासी ग्राम हीरापुरा थाना गोरमी, हाल बरुआ नगर भिण्ड, गुरुवार की अपरान्ह करीब दो बजे घर पर ही था। उसके पिता ने कहा कि गेहूं पिसाने डालना है। जब उसने नहीं सुनी तो पिता राजवीर खुद मोटर साइकिल से चक्की पर गेहूं डालने चले गए। 2॰ मिनट में जब वो वापस आए और घर के बाहर मोटर साइकिल खडी करते वक्त अंदर से गोली की आवाज आई। उस वक्त घर में कोई नहीं था। भाग कर अंदर गए तो बेटे को कमरे के फर्स पर खून से लथपथ पाया। तभी बाहर आवाज लगाई और घर में अन्य किराएदार एवं पडौसी इकत्रित हो गए। उसकी मां सुनीता नरवरिया हॉस्पीटल में नर्स है, वह ड्यूटी पर गई थी। जब उनको सूचना दी तो वे तुरंत घर पहुंची और पुलिस को फोन किया। देहात टीआई शैलेन्द्र सिंह समेत फोरेंसिक टीम घटना स्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। उसने आत्महत्या की है या गोली अपने आप से ही चल गई, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया और मामले में मर्ग दर्ज कर विवेचना आरंभ कर दी है। 


 


Comments