रास चुनाव में बरैया को प्राथमिकता देने हाईकमान को लिखा पत्र
भोपाल । प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अखंत प्रताप सिंह ने कहा है कि अब समय आ गया है कि दिग्विजय सिंह कांग्रेस के लिए कुछ त्याग करें। आने वाले उपचुनाव में अजा-जजा वोटों के लिए फूलसिंह बरैया को राज्यसभा चुनाव में जिताने के लिए विधायकों को बरैया को पहली प्राथमिकता में वोट दिलाने के लिए बड़ा दिल दिखाएं। मप्र के राज्यसभा चुनाव में फूलसिंह बरैया को पहली प्राथमिकता देने के लिए कुछ दिग्गज कांग्रेस नेताओं द्वारा हाईकमान को पत्र लिखने के बाद अब पूर्ववर्ती दिग्विजय सरकार में मंत्री रहे कांग्रेस नेता अखंड प्रताप सिंह भी आगे आ गए हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर आरोप लगाया है कि उन्हें कांग्रेस में गांधी-नेहरू परिवार से ज्यादा पद-प्रतिष्ठा मिली। लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा प्रदेश और राष्ट्रीय संगठन के महत्वपूर्ण पद पर रहे हैं। ऐसे में उन्हें राज्यसभा में कांग्रेस प्रत्याशी फूल सिंह बरैया के लिए सीट दे देना चाहिए। बरैया को राज्यसभा में भेजने के लिए प्राथमिकता में पहले प्रत्याशी के रूप में विधायकों से उन्हें वोट देने को प्रेरित करना चाहिए। बताया जाता है कि पूर्व मंत्री अखंड प्रताप सिंह ने हाईकमान को इस संबंध में पत्र भेजा है।
पूर्व मंत्री अखंड प्रताप सिंह ने दिग्विजय सिंह को कांग्रेस से मिले लाभों पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की स्थापना से लेकर आज तक गांधी-नेहरू परिवार को जितना नहीं मिला, उससे कहीं ज्यादा दिग्विजय के परिवार को कांग्रेस ने दिया है। अखंड प्रताप सिंह ने कहा कि 1977 में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. श्यामाचरण शुक्ल, दिग्विजय सिंह को कांग्रेस में लाए थे और विधानसभा चुनाव का टिकट दिया। इसके बाद वे कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा में गए और मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बनाए गए। यही नहीं, उन्हें कांग्रेस ने 10 साल तक मुख्यमंत्री बनाया, बाद में राज्यसभा भी भेजा। 15 साल बाद सरकार बनने पर मुख्यमंत्री कमल नाथ थे, लेकिन सुपर मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कहलाए। पूर्व मंत्री अखंड प्रताप सिंह ने यह भी कहा कि आजादी से लेकर आज तक के इतिहास में किसी मंत्रिमंडल में यह हुआ कि सारे मंत्री कैबिनेट दर्जे के हों। दो बार के विधायकों को मंत्री बना दिया और चार से छह बार के विधायक उपेक्षित रहे हों। दिग्विजय ने अपने बेटे और दो बार के विधायक जयवर्धन सिंह को मंत्री बनाने के लिए मापदंड तय कराए।
Comments
Post a Comment