-प्रदेश में अब तक पांच पॉजिटिव मरीज मिले
-24 मार्च तक भोपाल सहित 9 जिले लॉकडाउन, सीमाएं सील
भोपाल । कोरोना वायरस के चलते मध्य प्रदेश में भी स्थिति खराब होती जा रही है। एक पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद राजधानी भोपाल को 24 मार्च तक लॉकडाउन कर दिया गया है। शहर की सीमाएं सील कर दी गई हैं। 31 मार्च तक सभी सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने की कहा गया है। इससे पहले प्रदेश के 8 जिलों जबलपुर, नरसिंहपुर, बालाघाट, सिवनी, रीवा, छिंदवाड़ा, ग्वालियर और बैतूल को लॉकडाउन किया गया था। प्रदेश के 9 जिले लॉकडाउन हो चुके हैं। रविवार सुबह भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की फ्लाइट से दिल्ली से भोपाल आई एक युवती में कोरोनावायरस के प्रारंभिक लक्षण पाए गए। शुरुआती जांच के बाद युवती को जेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
युवती के अलावा विमान में उसके आसपास बैठे 6 अन्य यात्रियों को भी आइसोलेट किया गया है। युवती की जांच के बाद पूरे प्लेन को सैनिटाइज किया गया। इसके चलते विमान ने करीब 45 मिनट की देरी से पुणे के लिए उड़ान भरी। भोपाल में कोरोना संदिग्ध मिलने के बाद कार्यवाहक मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश के मुख्य सचिव और डीजीपी से पूरे मामले की जानकारी ली है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भोपाल को लॉकडाउन करने के चर्चा की है। रविवार शाम तक आदेश जारी हो सकता हैं। कमलनाथ ने कहा कि कोरोना से लोगों को बचाने के लिए किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।
-पांच दिन पहले ही लंदन से लौटी थी
रविवार को भोपाल की प्रोफेसर कॉलोनी में एक लड़की संक्रमित मिली। वह पांच दिन पहले ही लंदन से लौटी थी। इससे पहले संक्रमण के 4 मरीज शुक्रवार को जबलपुर में मिले थे। इनमें से तीन एक ही परिवार के थे, जो दुबई से लौटे थे। चौथा मरीज स्विट्जरलैंड से आया था। सभी मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने बताया कि भोपाल लौटी 26 वर्षीय लड़की लंदन में लॉ की पढ़ाई कर रही है। वह 17 मार्च की सुबह दिल्ली पहुंची थी। आईजीआई एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग के बाद डॉक्टर्स ने उसे फिट घोषित किया था। इससे बाद वह शताब्दी एक्सप्रेस में सवार होकर भोपाल आई थी। रविवार दोपहर को परिजनों ने कलेक्टर तरुण पिथौड़े से संपर्क कर कोरोना जांच की मांग की थी। इस पर जेपी अस्पताल के डॉक्टर्स की टीम ने घर पहुंचकर लड़की के थ्रोट के सुआब का नमूना लिया था, जिसे जांच के लिए भोपाल एम्स भेजा गया। अब उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। लड़की का परिवार सीहोर में रहता है। परिवार के कुछ लोग भोपाल में रहते हैं।
लोगों की बन रही लिस्ट
युवती के परिवार के सभी सदस्यों को होम आइसोलेट किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम उन लोगों की लिस्ट भी बना रही है, जिनसे वो 17 मार्च से लेकर 22 मार्च तक मिल चुकी है। उससे मिलने सीहोर के कुछ लोग भी आए थे। बताया जा रहा है कि इस बीच युवती शहर के एक डॉक्टर से भी इलाज कराने गई थी। कोई फायदा नहीं मिलने के बाद परिजन उसे लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे थे।
Comments
Post a Comment