मंत्रियों के पेंच कसेंगे बाबरिया

दो दिन मंत्रियों के साथ करेंगे वन टू वन, देंगे नसीहत
भोपाल / कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया राजधानी पहुंच गए हैं। वे दो दिन वीआईपी गेस्ट हाउस में मंत्रियों के साथ वन टू वन चर्चा कर सत्ता और संगठन में तालमेल बैठाने पर जोर देंगे। बाबरिया मंत्रियों को पार्टी कार्यकर्ताओं की अनदेखी नहीं करने को लेकर नसीहत देंगे। मंत्रियों को चर्चा के लिए अलग-अलग समय दिया गया है। दरअसल, मंत्रियों के व्यवहार से पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता असंतुष्ट हैं। मंत्री कार्यकर्ता के साथ ही वरिष्ठ नेताओं के फोन नहीं उठाते। ये शिकायतें लगातार पार्टी में ऊपर तक पहुंच रही हैं। बाबरिया से भी पार्टी कार्यकर्ता कई मौकों पर मंत्रियों की शिकायत कर चुके हैं। बाबरिया सभाओं में सार्वजनिक रूप से मंत्रियों को कार्यकर्ताओं की अनदेखी नहीं करने की बात कह चुके हैं, लेकिन मंत्रियों के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आ रहा है। इससे कार्यकर्ताओं की पार्टी से नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। वन टू वन चर्चा में तय किया जाएगा कि कैसे कार्यकर्ताओं और मंत्रियों के बीच समन्वयक स्थापित किया जा सकता है। 
मंत्रियों के स्टाफ पर गिरेगी गाज
कहा जा रहा है कि अधिकतर मंत्रियों के स्टाफ में वे कर्मचारी पदस्थ हैं, जो भाजपा शासनकाल में मंत्रियों के यहां पदस्थ थे। कार्यकर्ताओं की इस शिकायत के बाद पार्टी मंत्रियों को इन कर्मचारियों को हटाने के निर्देश दे चुकी है। मुख्यमंत्री कमलनाथ भी मंत्रियों को ऐसे कर्मचारियों को हटाने को कह चुके हैं, लेकिन कई मंत्री इन कर्मचारियों को हटाने के पक्ष में नहीं है। उनका कहना है कि सरकारी कर्मचारियों को भाजपाई या कांग्रेसी नहीं कहा जा सकता। चूंकि कुछ कर्मचारी अच्छा काम करते हैं, इसलिए उन्हें स्टाफ में रखा गया है। इसके अलावा बाबरिया मंत्रियों से नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों और कामकाज में सामने आ रही परेशानियों पर चर्चा करेंगे। फीडबैक लेंगे बाबरिया सूत्रों का कहना है कि मंगलवार को मंत्रियों से चर्चा करने से पहले दीपक बाबरिया प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगे। वे पार्टी पदाधिकारियों से जिला समन्वय समितियों के गठन को लेकर फीडबैक लेंगे। 


Comments