पैसों की दम पर भाजपा ने लोकतंत्र का गला घोंटा : भारद्वाज


भिण्ड, ब्यूरो। मप्र की जनता द्वारा चुनी हुई बहुमत की सरकार को गिराने के लिए कांग्रेस पार्टी ने भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। 
 जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. अनिल भारद्वाज ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि मप्र की सत्ता हथियाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बहुत ही गंदा खेल खेला है। भाजपा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिलकर मप्र में लोकतंत्र की हत्या कर दी है। भाजपा के सत्ता लोलुपता के आगे प्रदेश के उम्मीदों एवं विश्वास की हार हुई है। प्रदेश की जनता हार गई तथा सत्ता के लोभी और गद्दार जीत गए। 
 कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के पहले दिन से ही भाजपा उसे गिराने के लिए तरह-तरह के षड्यंत्र करने लगी थी। कमलनाथ सरकार के 15 महीने के कार्यकाल में जनहित में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय एवं विकास कार्य से भाजपा पूरी तरह से बौखला गई थी। भाजपा ज्योतिरादित्य सिंधिया के कंधे पर बंदूक रखकर पूरा गंदा खेल खेला। पहले कांग्रेस के 22 विधायकों को बहला-फुसलाकर बैंगलोर ले गए फिर उन्हें बंधक बना लिया। सभी विधायकों के फोन बंद कर दिए। उन्हें डरा धमका कर फर्जी वीडियो बनवाए गए। विधायकों को उनके परिजनों से भी मिलने नहीं दिया गया। विधायकों का जबरन इस्तीफा लिखवाया गया। इस तरह से भारतीय जनता पार्टी ने छल कपट एवं धनबल तथा केन्द्र के सत्ता बल के दम पर जनादेश का कत्ल कर दिया। 
 कांग्रेस प्रवक्ता भारद्वाज ने कहा कि भाजपा के कुचक्र एवं षडयंत्र के आगे मप्र हार गया। आज प्रदेश के इतिहास में काला दिन है। भाजपा के कुकर्मों के कारण आज मप्र शर्मिन्दा है। प्रदेश की जनता को कमलनाथ जैसा जनसेवक एवं नेतृत्व मिलना संभव नहीं है। कांग्रेस ने आरोप लगाया भाजपा को डर था कमलनाथ के ऑपरेशन एंटी माफिया और 15 साल के भ्रष्टाचार के उजागर करने के फैसले से भाजपा घबरा गई और जेल जाने के डर से प्रदेश की जनता के विश्वास का गला घोंटकर लोकतंत्र की हत्या कर दी।


 


Comments